
पं लव योगी कबीरधाम:- जलस्तर बढ़ने एवं तेज बहाव वाले क्षेत्रों में थाना-चौकी प्रभारियों को विशेष निगरानी के निर्देश।
*तेज बहाव में नदी-नाले पार करने, तैरने, मछली पकड़ने तथा पुल-पुलिया से वाहन निकालने/पारकरने से बचने की जिलेवासियों से किया गया “अपील”।*
*जलभराव, बाढ़ अथवा बचाव-राहत संबंधी सूचना के लिए पुलिस कंट्रोल रूम — 94791 92499 नम्बर पर करें संपर्क।*
कबीरधाम जिले में लगातार हो रही वर्षा को देखते हुए पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव द्वारा जिले के समस्त थाना एवं चौकी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र में नदी, नाले, तालाब, डैम, पुल-पुलिया एवं निचले तथा जलभराव वाले क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। वर्षा के कारण जलस्तर बढ़ने एवं नदी-नालों में बहाव तेज होने की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल को आवश्यक सुरक्षा एवं बचाव कार्यवाही के लिए सतर्क एवं तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित कुमार पटेल के मार्गदर्शन में थाना एवं चौकी स्तर पर संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी की जा रही है। जलस्तर में वृद्धि अथवा तेज जलप्रवाह की स्थिति निर्मित होने पर आम नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक सावधानी बरतने तथा जोखिम वाले स्थानों पर अनावश्यक आवागमन रोकने के निर्देश दिए गए हैं।
*तेज बहाव वाली नदी-नालों में उतरना जानलेवा हो सकता है।*
लगातार वर्षा के दौरान नदी-नालों का जलस्तर अचानक बढ़ सकता है तथा पानी का बहाव अत्यधिक तेज हो सकता है। ऐसी स्थिति में नदी या नाले को पैदल पार करने, तैरने, मछली पकड़ने अथवा किसी अन्य कार्य से पानी में उतरने का प्रयास न करें। जलस्तर सामान्य दिखाई देने पर भी पानी के अंदर बहाव की तीव्रता एवं गहराई का सही अनुमान नहीं लगाया जा सकता।
पुलिस द्वारा नागरिकों से विशेष रूप से अपील की गई है कि बच्चों एवं युवाओं को नदी, नाले और तेज बहाव वाले जलस्रोतों के समीप जाने से रोकें। किसी भी प्रकार का जोखिम लेकर अपनी अथवा दूसरों की जान खतरे में न डालें।
*डैम एवं जलाशयों के आसपास विशेष सावधानी बरतें*
वर्षा के दौरान डैम एवं जलाशयों में पानी का स्तर तेजी से बढ़ सकता है। ऐसे स्थानों पर घूमने, सेल्फी लेने, तैरने, मछली पकड़ने अथवा पानी के अत्यधिक समीप जाने से बचें। डैम के जलस्तर एवं जलप्रवाह में परिवर्तन की स्थिति में वहां जाना विशेष रूप से जोखिमपूर्ण हो सकता है। नागरिकों से अपील है कि डैम एवं जलाशयों के आसपास सुरक्षा निर्देशों का पालन करें तथा प्रतिबंधित अथवा संवेदनशील स्थानों पर प्रवेश न करें।
*पुल-पुलिया से पानी का बहाव होने पर वाहन निकालने का जोखिम न उठाएं*
पुल-पुलिया अथवा रपटे के ऊपर से पानी बहने की स्थिति में वाहन को पानी के बीच से पार कराने का प्रयास न करें। तेज बहाव वाहन का संतुलन बिगाड़ सकता है और कुछ ही क्षणों में गंभीर दुर्घटना की स्थिति निर्मित हो सकती है। ऐसे स्थान पर पानी का बहाव दिखाई देने पर सुरक्षित स्थान पर रुकें और जलस्तर कम होने अथवा सुरक्षित आवागमन की पुष्टि होने के बाद ही आगे बढ़ें।
*बाढ़ एवं जलभराव की सूचना पर तत्काल सक्रिय होगी पुलिस*
कबीरधाम पुलिस द्वारा वर्षा की स्थिति को देखते हुए थाना एवं चौकी स्तर पर आवश्यक सतर्कता बरती जा रही है। किसी क्षेत्र में अचानक जलभराव, बाढ़, नदी-नाले में अत्यधिक तेज बहाव, पुल-पुलिया के ऊपर पानी आने अथवा किसी व्यक्ति के फंसे होने की सूचना प्राप्त होने पर आवश्यक बचाव एवं राहत कार्यवाही के लिए पुलिस को तत्काल सूचित किया जा सकता है।
कबीरधाम पुलिस नागरिकों से अपील करती है कि वर्षा के दौरान सतर्क रहें, सुरक्षित रहें और किसी भी जलस्रोत के तेज बहाव को पार करने का जोखिम न उठाएं। अपनी सुरक्षा के साथ-साथ परिवार एवं आसपास के लोगों को भी ऐसे जोखिमपूर्ण स्थानों से दूर रखें।
*पुलिस कंट्रोल रूम, कबीरधाम मोबाइल नंबर — 94791 92499*
*कबीरधाम पुलिस डायल।112 टोलफ्री नंबर।*







